अब नहीं टपकेगी जिला अस्पताल की छत

चंबा। जिला अस्पताल की छत की मरम्मत करवाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। छत की मरम्मत पर साढ़े तीन लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। स्वास्थ्य महकमे ने समस्त औपचारिकताएं पूर्ण कर मरम्मत कार्य भी शुरू करवा दिया है। अब बारिश के दौरान अस्पताल की छत नहीं टपकेगी और मरीजों को दिक्कताें का सामना नहीं करना पड़ेगा।
उल्लेखनीय है कि अस्पताल की क्षतिग्रस्त छत के चलते बारिश का पानी अंदर आ जाता था। इससे मरीजों को परेशान होना पड़ता है। खासकर भवन की चौथी मंजिल के कुछ हिस्सों में बारिश का पानी आ जाता था और मरीजों को दिक्कतेें पेश आती हैं। विभाग ने कार्य का जिम्मा ठेकेदार को सौंप दिया है और इन दिनों मरम्मत का कार्य जोर शोर से चला हुआ है। छत की क्षतिग्रस्त चादरें बदली जाएंगी। साथ ही अन्य क्षतिग्रस्त हिस्सों में भी मरम्मत कार्य किया जाएगा। बरसात के मौसम में अस्पताल से पानी टपकने की शिकायत मरीजों ने अस्पताल प्रबंधन से की थी और प्रबंधन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द छत मरम्मत की बात कही थी। इसके बाद रोगी कल्याण समिति की बैठक में छत की मरम्मत के लिए प्रस्ताव पारित किया गया था। पैसों की व्यवस्था होते ही विभाग ने छत की मरम्मत का कार्य आरंभ करवा दिया है।
उधर, क्षेत्रीय अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा. विनोद शर्मा ने बताया कि छत की मरम्मत पर साढ़े तीन लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। जल्द ही मरम्मत कार्य पूर्ण हो जाएगा।

Related posts