अब नहीं छिपा सकेंगे अवैध निर्माण

हरिद्वार। विकास प्राधिकरण हरिद्वार द्वारा अपने क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों की वीडियोग्राफी कराई जा रही है। अधिकारी वीडियो देखकर अधीनस्थों से वैध तथा अवैध निर्माण की जानकारी दफ्तर में बैठे ही ले सकेंगे। इससे जेई तथा एई पर कार्रवाई भी हो सके गी और अवैध निर्माण पर लेंटर डाले जाने के बाद ही मालिक को नोटिस जारी करने और निर्माण को सील करने की परंपरा पर रोक लग सकेगी। इसका मतलब है कि जेई और एई को लेंटर डाले जाने से पूर्व ही अवैध निर्माण को रोकने की कार्रवाई करनी होगी।
वीडियोग्राफी होने से जेई और एई को भी अपने क्षेत्र में चल रहे निर्माणों की स्थिति का जानकारी रहेगी। नए वीसी डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा के कार्यभार संभालने के बाद कार्यशैली में यह महत्वपूर्ण बदलाव माना जा सकता है। अब अवैध निर्माण कराने में मिलीभगत करने वाले जेई अपने क्षेत्र में शुरू होने वाले अवैध निर्माण छिपा नहीं पाएंगे और जो छिपाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई हो सकेगी। बहादराबाद सेक्टर, लक्सर रोड क्षेत्र में काटी गई कालोनियों तथा निर्माण की वीडियोग्राफी कराई जा चुकी है। सोमवार को भूपतवाला हरिपुर कलां क्षेत्र में चल रहे निर्माणों की वीडियोग्राफी कराई गई है। कनखल, ज्वालापुर तथा सिडकुल क्षेत्र में भी वीडियोग्राफी होगी।

उद्देश्य अवैध निर्माण की गतिविधियों रोकना
वीसी साहब ने अवैध निर्माण के विरुद्ध निर्माण शुरू होने के साथ ही इसे रोकने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैें। वीडियोग्राफी कराने का उद्देश्य भी अवैध निर्माण की गतिविधियों को रोकना है। इसका उद्देश्य यह भी है कि अवैध निर्माण करने वाले यह दलील देते हैं कि उनका निर्माण बहुत पुराना है। वीडियोग्राफी होने से वह यह दावा नहीं कर पाएंगे। जेई और एई को भी निर्माण शुरू होते ही हरकत में आना होगा। इसके साथ ही प्राधिकरण कई अवैध निर्माणों को सील करने की कार्रवाई करने जा रहा है।
-गिरधारी सिंह रावत, सचिव हविप्रा

Related posts