अब दर्शन को जत्थों में भेजे जाएंगे श्रद्धालु

बिलासपुर। सात अगस्त से शुरू हो रहे श्रावण नवरात्रों में सुरक्षा को लेकर कडे़ इंतजाम होंगे। बौद्धगया मठ में हुए आतंकी हमले के बाद इसकी आवश्यकता और बढ़ गई है। भगदड़ ओर अफवाह को रोकने के लिए पुलिस ने नया फार्मूला बनाया है। मां श्री नयनादेवी के दर्शन के लिए इस बार 250-250 के जत्थे भेजे जाएंगे। हरेक जत्थे में पुलिस कर्मी श्रद्धालुओं के भेष में जाकर तमाम गतिविधियों पर नजर रखेंगे। जेबकतरों और अफवाह फैलाने वाले असमाजिक तत्वों पर खास नजर रहेगी, वहीं इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों से हर गतिविधि पर नजर रहेगी। सात अगस्त से नवरात्र शुरू हो रहे हैं। वर्ष 2008 में इन्ही नवरात्र के दौरान नयनादेवी मंदिर में हुई भगदड़ में लगभग डेढ़ सौ लोगों की मौत हुई थी। इससे पहले वर्ष 1985 में भी 17 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। इस बार प्रशासन किसी भी तरह का रिस्क नहीं लेना चाहता है। सुरक्षा इंतजामों को नौ सेक्टरों में बांटा गया है। हर सेक्टर में एक सेक्टर अधिकारी होगा। मंदिरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की लगातार मोनेटरिंग होती रहेगी। एसपी कपिल शर्मा ने बताया कि जेबकतरों पर खास नजर रहेगी। इसके लिए श्रद्धालुओं की भीड़ में पुलिस के जवान भी सिविल ड्रेस में मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर पुलिस के कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे, जो 24 घंटे खुले रहेंगे। यहां पर श्रद्धालु किसी भी तरह की सहायता ले सकते हैं। यदि किसी के पास किसी भी तरह की जानकारी है तो वह इन कंट्रोल रूम में भी दी जा सकती है। इस पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।

0

Related posts