अब तो हत्यारों की गिरफ्तारी पर ही उठूंगा

काशीपुर। सचिन हत्याकांड खुलासेे की मांग को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं का विधायक चीमा के नेतृत्व में धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। चीमा ने कहा कि धरना तभी समाप्त होगा जब पुलिस सचिन के हत्यारों को जेल भेजेगी और मृतक का कटा हाथ बरामद करेगी। उधर पूर्व सांसद बलराज पासी ने धरने पर पहुंच समर्थन दिया।
सफाई कर्मचारी सचिन की बीती एक नवंबर की रात अपहरण कर गला रेत कर हत्या कर दी गई थी। विधायक चीमा बीते रविवार से कोतवाली परिसर में दर्जनों समर्थकों के साथ धरना दे रहे हैं। मृतक सचिन के पिता महेंद्र भी धरना स्थल पर बैठे रहे। चीमा ने कहा कि यह धरना भाजपा प्रदेश, जिला एवं मंडलाध्यक्षों की मंजूरी से ही आरंभ हुआ है। बाद में पत्रकार वार्ता में चीमा ने कहा कि हम पुलिस पर कोई दबाव नहीं बना रहे हैं। वहीं पुलिस पर उनकी कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं करने का आरोप लगाया।
भाजपा जिलाध्यक्ष खिलेंद्र चौधरी ने कहा कि आंदोलन पूरी तरह से भाजपा का है। विधायक चीमा के साथ धरना देने वालों में राम मेहरोत्रा, आशीष गुप्ता, गुरविंदर सिंह चंडोक, अमित मनचंदा, रवि सैनी, रवि पाल, मुकेश चावला, पुष्कर बिष्ट, राजदीपिका मधुर, रीति नागर आदि मौजूद थे।

Related posts