अब तीन रुपये में जाइए बस अड्डा

रामपुर बुशहर। मुख्य शहर रामपुर से बस अड्डे तक अब तीन रुपये में सफर होगा। परिवहन निगम ने शहर से बस अड्डे के बीच स्पेशल बस सेवा शुरू की है। वीरवार को विधायक एवं सीपीएस नंदलाल ने बस को हरी झंडी दिखाई।
रामपुर शहर और बस अड्डे के बीच परिवहन निगम ने 37 सीटर बस सेवा शुरू की है। शहर और बस अड्डे के बीच स्पेशल बस सेवा आरंभ होने से कॉलेज विद्यार्थियों समेत आम लोगों को लाभ मिलेगा। शहर से बस अड्डे के लिए स्पेशल बस सेवा न होने से कॉलेज विद्यार्थियों समेत आम लोग ऑटो में सफर करने को मजबूर हैं। शहर से बस अड्डे की दूरी करीब तीन किलोमीटर है लेकिन ऑटो चालक शहर के पुराने बस अड्डे से मुख्य बस अड्डा पहुंचने तक 10 रुपये प्रति सवारी वसूल करते हैं। इतना ही नहीं, ऑटो चालक पुराने बस अड्डे से महज डेढ़ किमी दूर कॉलेज तक जाने के भी 10 रुपये वसूल करते हैं। मगर इस स्पेशल बस की सुविधा का लाभ उठाकर कॉलेज विद्यार्थी समेत आम लोग बस अड्डे तक महज तीन रुपये में सफर कर सकेंगे। पुराने बस अड्डे से मुख्य बस अड्डे तक स्पेशल बस एक-एक घंटे के अंतराल में सुबह 10 से शाम 5 बजे तक चलेगी।
इस मौके पर निगम के आरएम गुरबच्चन सिंह, निदेशक एचआरटीसी साहिब सिंह मेहता, युकां रामपुर अध्यक्ष जसवीर ठाकुर, वीरू कायथ समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Related posts