अब तय समय पर ही चल पाएंगे ट्रक

कोटखाई (शिमला)। जुब्बल से कोटखाई आने जाने वाले ट्रकों के लिए पुलिस ने समय तय कर दिया है। इस मार्ग पर आने जाने वाले ट्रकों को समय पर छोड़ा जाएगा। यह निर्णय उक्त मार्ग पर लग रहे जाम से निपटने के लिए लिया गया है। नए नियमों के मुताबिक रोहडू की ओर जाने वाले ट्रकों को कोटखाई के कोकुनाला में रोका जाएगा। यहां से इन ट्रकों को सुबह 11:30 से दोपहर 1:30 बजे और रात 10:00 से देर रात 2:30 बजे छोड़ा जाएगा। जबकि, रोहडू से कोटखाई शिमला आने वाले ट्रकों को सनावा में रोक कर सुबह 5 से 9 बजे तक तथा शाम को 4 से 8 बजे तक छोड़ा जाएगा। उक्त सड़क पर हर रोज रोहडू, खड़ापत्थर,जुब्बल और नावर क्षेत्र से ढाई सौ से अधिक ट्रक और लगभग 400 पिकअप का आना जाना रहता है। वहीं मार्ग के खस्ता हाल होने के कारण यहां घंटों जाम लगा रहता है। इस मार्ग पर रोजाना 8 से 10 बड़े ट्रक खराब हो रहे हैं। इसके चलते घंटों जाम लगा रहता है।
डीएसपी सागर चंद्र ने बताया कि इस मार्ग पर 14 पुलिस कर्मचारी वायरलेस सेट के साथ अन्य 45 पुलिस कर्मी भी तैनात किए गए हैं। उन्होंने बताया कि नए नियमों की लिस्ट ट्रक यूनियन को दे दी गई है। उन्होंने कहा कि नए नियमों से आम लोगों के साथ बागवानों को भी राहत मिलेगी। डीएसपी सागर चंद्र के अनुसार नैना और फागु कंट्रोल रूम से अब तक सेब की 85 लाख पेटियां मंडियों के लिए रवाना हो चुकी हैं।

Related posts