
सोलन। आरकेएस की दरों पर सस्ते टेस्ट सुविधा मिलने साथ-साथ अब आपको घर बैठे टेस्ट रिपोर्ट भी मिल जाएगी। जिला अस्पताल में स्थापित एसएआरएल लैब ने यह सुविधा बहाल कर दी है। लिहाजा टेस्ट देने के बाद रिपोर्ट के लिए अब अस्पताल या निजी लैबों में चक्कर काटने की जरूरत नहीं। इसके अलावा लैब में अन्य कई सुविधाएं भी शुरू हो रही हैं। जिसमें कुछ टेस्ट मुफ्त भी हो सकेंगे।
एसआरएल लैब के बारे में एमएस उप्पल ने बताया कि लैब की सुविधा जोनल अस्पताल में शुरू कर दी है। इसमें आरकेएस की कीमतों पर भी टेस्ट किए जाते हैं। इससे पहले अधिक रश और निर्धारित समय होने के कारण रोगियों को निजी लैबों में महंगी कीमतों पर टेस्ट मुहैया होते थे। खास बात यह है कि एक बार नाम एंटर होने के बाद मरीज की हिस्ट्री भी मौजूद रहेगी। जिससे चिकित्सकों को रोगी का मूल्यांकन करने में आसानी होगी, वहीं रोगियों को रिपोर्ट संभालने की जरूरत भी नहीं होगी।
ऐसे मिलेगी रिपोर्ट की जानकारी
टेस्ट करवाने के लिए पहुंचे रोगी का फोन नंबर, टेस्ट की सूची समेत कंप्यूटर में फीड होगा। इसके बाद टेस्ट रिपोर्ट आने पर आपके फोन पर एसएमएस आएगा। जिसमें मरीज को पासवर्ड और आईडी मुहैया करवाई जाएगी। संबंधित वेबसाइट खोलने पर मरीज इस आईडी और पासवर्ड को डालेगा। क्लिक करते ही टेस्ट की रिपोर्ट आपके पास होगी।
सुबह 9 से 12 बजे तक नहीं टेस्ट
सोलन अस्पताल में स्थापित एसआरएल लैब में सुबह नौ बजे से लेकर दोपहर 12 बजे तक टेस्ट नहीं होंगे। जिला स्वास्थ्य विभाग ने निर्देशों के बाद यह फैसला लिया गया है। पहले 24 घंटे टेस्ट सुविधा मिलने की बात कही जा रही थी। अब टेस्ट सेवाएं 21 घंटे तक मिलेंगी।
