
नूरपुर/पालमपुर (कांगड़ा)। कांगड़ा जिला के दो प्रमुख केंद्र नूरपुर और पालमपुर के हजारों बाशिंदों को अब उनके घर-द्वार पर न्याय मिलने की उम्मीद साकार हो गई है। सोमवार को दोनों उपमंडल मुख्यालयों में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय की सर्किट बैंच ने कामकाज शुरू कर दिया।
सोमवार को एसडीएम कार्यालय नूरपुर में अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश आरके शर्मा ने करीब एक दर्जन विचाराधीन मामलों की सुनवाई की। इससे पूर्व नूरपुर बार एसोसिएशन के सदस्यों ने एडिशनल सेशन जज आरके शर्मा का स्वागत किया तथा उनके सम्मान में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें नूरपुर के न्यायिक दंडाधिकारी संदीप सिंह सिहाग सहित नूरपुर बार एसोसिएशन के समस्त वकीलों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर बार एसोसिएशन की ओर से कोर्ट परिसर के समीप दंडी स्वामी मंदिर में एक सहभोज का भी आयोजन किया गया। इसमें बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता एसपी गुप्ता ने अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश आरके शर्मा का स्वागत किया तथा नूरपुर में चिरलंबित अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय की सर्किट बैंच खोलने के लिए प्रदेश उच्च न्यायालय का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस सर्किट बैंच के खुलने से उपमंडल नूरपुर की जनता को अदालती कार्यों के लिए अब धर्मशाला नहीं जाना पड़ेगा। इससे न सिर्फ लोगों को उनके घरद्वार पर न्याय मिलेगा तथा उनका समय व पैसे की भी बचत होगी।
वहीं पालमपुर में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय की बेंच का अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश डीआर ठाकुर ने शुभारंभ किया। जबकि इस मौके पर जिला उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम के अध्यक्ष राकेश कैंथला व पालमपुर के न्यायाधीश राजेंद्र कुमार भी मौजूद रहे। पालमपुर में फिलहाल यह न्यायालय महीने में एक सप्ताह चलेगा। इसमें हत्या, आत्महत्या व दुराचार आदि कई मामलों की सुनवाई होगी। जबकि पहले लोगों को इन मामलों को लेकर धर्मशाला जाना पड़ता था। लेकिन अब जयसिंहपुर, बैजनाथ व पालमपुर उपमंडल के लोगों को यहीं पर न्याय मिलेगा। इससे उनके समय के साथ पैसों की भी बचत होगी। बताया जाता है कि महिलाओं पर हो रहे अत्याचारों को लेकर पालमपुर में एक विशेष न्यायालय खुलेगा।
अधिवक्ताओं ने जताई खुशी
इस मौके पर पालमपुर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अरविंद वशिष्ठ, एडवोकेट जगमेल कटोच, दलजीत कटोच, सुदेश शर्मा, हिमांशु मिश्रा, रणधीर कटोच, मनोज शर्मा, राकेश कुमार, दिलबाग परमार, आदर्श सूद, पुष्प पटियाल, सुरेश कुमार, विजय कटोच, आदर्श शर्मा, ज्योति वर्मा, नेहा भारती, उजाला गुलेरिया, भारती समेत कई एडवोकेट व लोग मौजूद रहे। वहीं बार एसोसिएशन पालमपुर ने मांग की है कि इस न्यायालय को पूरा महीना यहां पर चलाया जाए। नूरपुर बार एसोसिएशन ने सर्किट बैंच के लिए कोर्ट उपलब्ध करवाने के लिए एसडीएम अश्वनी सूद का भी आभार व्यक्त किया। नूरपुर में बार एसोसिएशन के वरिष्ठ अधिवक्ता पीसी शर्मा, एनके शर्मा, पीएस जग्गी, जगदीश चौधरी, सुरिंद्र शर्मा, टीपू खान, अजय शर्मा, ज्ञान ठाकुर, रवि पुरी, एमएस जंवाल, अजय पठानिया, सचित शर्मा, अतुल गुप्ता व आदित्य शर्मा सहित कई अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे। सभी ने इस पर खुशी जाहिर की है।
