अब कम्प्यूटर गेम्स बतायेंगे युद्ध की विभीषिका

अब कम्प्यूटर गेम्स बतायेंगे युद्ध की विभीषिका

कम्प्यूटर गेम्स को मनोरंजन के साधन के साथ-साथ अब शिक्षाप्रद बनाने की दिशा में भी काम होने लगा है। इतना ही नहीं इनका प्रयोग बच्चों को युद्ध की विभीषिका समझाने के लिए भी किया जाने लगा है। ऐसे ही एक गेम में एक किशोर एक कार में छुप कर अपने युद्धग्रस्त अफ्रीकी गांव से बच निकलता है।

कार चालक उसे कहता है कि उसके माता-पिता को गोली मार दी गई है और उसका बच निकलना भी किसी करिश्मे से कम नहीं है। परंतु उसके पिता की हत्या करने वाले विद्रोहियों से उसका बच निकलना अब उस बच्चे की कुशलता पर निर्भर करता है जो इस गेम को खेल रहा है। ‘पीपुल इन फ्लाइट’ नामक यह गेम अफ्रीकी देश कांगो में जारी खूनी गृह युद्ध पर बनाई गई है।

बच्चों पर इस गेम का इतना सकारात्मक असर हुआ है कि इसे तैयार करने वाली सीरियस गेम्स सोल्यूशन्स नामक जर्मन कम्पनी को ‘बैस्ट सीरियस गेम’ वर्ग में 2013 जर्मन कम्प्यूटर गेम प्राइज के लिए चुना गया है। इस गेम को कम्पनी से एक चैरिटी संस्था ने तैयार करवाया है।

कम्पनी के सी.ई.ओ. राल्फ स्टोक कहते हैं कि उनके पास जर्मनी के अलावा विदेशों से भी ऐसे गम्भीर गेम्स के काफी ऑर्डर मिल रहे हैं। सीरियस गेम वे गेम हैं जिन्हें महज मनोरंजन के लिए नहीं बल्कि शिक्षा प्रदान करने के मकसद से तैयार किया जाता है।

Related posts