अब एक घंटे की होगी क्लास

चंबा। कालेजों में जल्द टाइम टेबल में भी बदलाव किया जाएगा। कालेजों में अब चार की बजाय सांय पांच बजे तक कक्षाएं लगेंगी। लिहाजा कालेजों में अध्यापकों और विद्यार्थियों का स्टे पांच के बदले छह घंटे का हो जाएगा। राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) प्रणाली के लागू होने से एक विषय की कक्षा का समय चालीस क बजाय एक घंटा किया गया है। विद्यार्थियों को पूरे सप्ताह सभी विषयों की कक्षाएं भी नहीं लगानी पड़ेगी। इसमें किसी भी विषय की पूरा सप्ताह कक्षा लगाने का प्रावधान नहीं है। मेजर विषयों की सप्ताह में अधिकतर चार दिन कक्षा चलेगी। बाकी विषयों की इससे भी कम दिन कक्षाएं लगानी पड़ेंगी। प्रदेश के 97 के करीब कालेजों में 2 जुलाई से शैक्षणिक सत्र 2013-14 शुरू होते ही नई व्यवस्था लागू कर दी जाएगी। नई प्रणाली में विवि प्रशासन ने कक्षा का समय 40 मिनट से 60 मिनट कर दिया है। बेशक इस बात को लेकर विद्यार्थी परेशान हों, लेकिन अब विद्यार्थियों को पूरा सप्ताह कक्षाएं नहीं लगानी पड़ेंगी। मेजर, माइनर, जरनल इंट्रस्ट और प्रेक्टिकल विषयों की समयसारिणी बनाने के लिए कालेज प्रशासन को आदेश मिल चुके हैं। कालेजों में इन दिनों समयसारिणी बनाने में कालेज प्रशासन उलझे हुए हैं। कालेज प्रशासन को नए दिशा निर्देश दिए गए हैं। प्राचार्य डा. पीके गुप्ता ने बताया कि कालेज में अब पांच के बजाय छह घंटे का स्टे होगा। विवि के निर्देशानुसार समयसारिणी बनाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। पहली जुलाई से पहले ही कालेज में समयसारिणी लगा दी जाएगी।
बाक्स
टाइम टेबल बनाने में आ रही समस्या
कक्षा का समय एक घंटा हो जाने से कालेजों में सब्जेक्टों का समन्वय बनाने में दिक्कत आ रही हैं। महत्वपूर्ण विषयों का कंबीनेशन बिठाने में प्रशासन को उलझन हो रही है। जिन कालेजों में अधिक विषय पढ़ने की सुविधा है उन कालेजों में कंबीनेशन बनाने में बाधा आ सकती है। चंबा कालेज की टाइम टेबल समिति की सदस्य सुमन बेदी ने बताया कि सभी विषयों का बेहतरीन कंबीनेशन बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

कब कौन सी कक्षा लगेगी
मेजर विषयों की सप्ताह में चार दिन, कंप्लसरी विषयों की सप्ताह में तीन दिन, जरनल इंट्रस्ट की सप्ताह में एक दिन कक्षाएं लगेंगी। मेजर विषयों में तीन दिन प्रोफेसर का लेक्चर होगा और एक दिन ग्रुप डिस्कशन होगा।

Related posts