
रामपुर बुशहर। राज्य के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में अब 26 अगस्त तक प्रवेश लिया जा सकेगा। तकनीकी शिक्षा निदेशालय ने प्रवेश की तिथि बढ़ा दी है। पहले एडमिशन लेने से वंचित रहे युवाओं को जहां एक और अवसर मिला है, वहीं संस्थानों के भीतर निर्धारित सीटें भरने की उम्मीद भी बंधी है। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों से विभिन्न ट्रेडों में कोर्स करने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। तकनीकी शिक्षा निदेशालय सुंदरनगर ने संस्थानों में प्रवेश की तिथि 26 अगस्त तक बढ़ा दी है। इससे एडमिशन लेने से वंचित रहे युवाओं को लाभ मिला है। आईटीआई रामपुर के प्रधानाचार्य राकेश कपूर ने तकनीकी शिक्षा निदेशालय से एडमिशन बढ़ाने को लेकर ताजा आदेश मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि एडमिशन डेट 26 अगस्त तक बढ़ा दी गई है। इच्छुक विद्यार्थी इलेक्ट्रिकल, सिलाई-कढ़ाई, बुनाई, पलंबर, मोटर मेकेनिक समेत अन्य ट्रेड में इस तिथि तक प्रवेश ले सकते हैं।
राज्य के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में 15 अगस्त तक एडमिशन की अंतिम तिथि थी। इस तिथि तक प्रदेश के कुछेक संस्थानों में ही सीटें भर पाई थीं, जबकि अधिकांश संस्थानों में कई ट्रेडों में निर्धारित सीटें खाली रह गई थीं। इससे कई युवाओं के सपने भी टूट गए, लेकिन अब प्रवेश की तिथि बढ़ने से संस्थानों में जहां निर्धारित सीटें भी भरेंगी और युवाओं के सपने भी पूरे हो पाएंगे
