
धर्मशाला। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत अब आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चाें का मेडिकल चेकअप किया जाएगा। जुलाई माह से यह प्रक्रिया आरंभ होगी। प्रदेशभर में आंगनबाड़ी केंद्रों के हजारों बच्चाें को स्वास्थ्य विभाग की ओर से मुफ्त दवाइयां वितरित की जाएंगी। स्वास्थ्य चेकअप से छोटी आयु वाले बच्चों को होने वाली बीमारियों का भी पता चल सकेगा। सरकारी स्कूलाें के बाद इस योजना में आंगनबाड़ी केंद्रों को जोड़ा गया है। इन केंद्रों में 0 से 5 साल के बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं। पहले योजना के तहत सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों का ही चेकअप हो रहा था। स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों के मुताबिक गंभीर बीमारियों से पीड़ित बच्चों का उपचार जिलास्तर पर किया जाएगा। बीमारी के ठीक न होने पर बच्चाें को इलाज के लिए बड़े स्तर के अस्पतालों को रेफर किया जाएगा। अकसर छोटी उम्र में बीमारी का पता न चलने पर आयु बढ़ने के बाद बच्चों में बीमारी के लक्षण भी बढ़ जाते हैं। बीमारी बढ़ जाने पर इलाज में खर्चा ज्यादा करना पड़ता है।
अब इन केंद्रों में बच्चाें का चेकअप होने से हजारों बच्चे लाभान्वित होंगे। उधर, सीएमओ डा. बीएम गुप्ता ने बताया कि जुलाई माह से आंगनबाड़ी केंद्रों में पढ़ाई कर रहे 0 से 5 साल तक के बच्चों का मेडिकल चेकअप किया जाएगा। गंभीर बीमारी वाले बच्चों का इलाज बड़े स्तर के अस्पतालों में होगा।
