
गाजियाबाद: लश्कर-ए-तायबा आतंकी अब्दुल करीम टुंडा की गिरफ्तारी के बाद प्रदेश की खुफिया एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। चूंकि गाजियाबाद से पहले भी आतंकियों के तार जुड़ते रहे हैं, इसलिए जिले की खुफिया इकाई और पुलिस टीम की नजर कई संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर है। खुफिया तंत्र के एक अधिकारी ने बताया कि जिले की कई कॉलोनियों में बड़ी संख्या में बाहरी लोग रह रहे हैं।
इनमें बांग्लादेशी भी शामिल हैं, उनके बारे में पता लगाया जा रहा है। खुफिया सूत्रों के मुताबिक टुंडा, ने जांच एजेंसियों को जानकारी दी है कि आतंकी संगठन दिल्ली में परेशानी पैदा करने के लिए उसके आसपास के क्षेत्रों में अपना ठिकाना बना सकते हैं इसलिए यहां सुरक्षा इकाइयों की कड़ी नजर है। यहां स्थानीय स्तर पर पुलिस और खुफिया एजेंसियों को अलर्ट किया गया है।
