
सुल्तानपुर। आपदा के दौरान आई सिल्ट उठाने के लिए शासनादेश क्या जारी हुआ खनन माफिया की मौज हो गई। सिल्ट उठाने की आड़ में खनन करने वाले नदी के घाटों और उससे सटे खेतों में जमकर अवैध खनन कर रहे हैं। प्रशासन और पुलिस ने माफिया की इन हरकतों पर चुप्पी साध ली है। हरिद्वार तहसील के भोगपुर क्षेत्र में बाणगंगा में जमकर खनन किया जा रहा है।
आपदा के दौरान खेतों में आई सिल्ट को उठाने की अनुमति देने संबंधी शासनादेश 12 जुलाई को जारी किया गया। यह शासनादेश माफिया और अधिकारियों के लिए एक कवच बन गया। अधिकारी सिल्ट उठाने की आड़ में हो रहे अवैध खनन के खिलाफ भी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। हरिद्वार तहसील के भोगपुर क्षेत्र में बाणगंगा में जमकर खनन किया जा रहा है। खनन माफिया महतौली टाडा, अलावलपुर, बाड़ीटीप, निहंदपुर सुठारी, भोगपुर, हरसीवाला आदि घाटों से भी खनन सामग्री उठा रहे हैं। मंगलवार को माफिया ने जेसीबी और डंफरों को नदी के घाटों पर उतारा दिया। दिनभर खनन होता रहा और अधिकारियों ने कार्रवाई की जहमत नहीं उठाई। इसके अलावा माफिया नदी से लगे खेतों से बिना अनुमति खनन सामग्री उठा रहे हैं। कई जगह खेतों में छह-छह फुट के गड्ढे हो गए हैं।
