अफसरों ने फ्लाईओवर स्थल का जायजा लिया

रुद्रपुर। हल्द्वानी मार्ग में फ्लाई ओवर निर्माण की दिशा में प्रयास तेज हो गए हैं। कॉनकार और सिडकुल अफसरों ने वन विभाग अधिकारियों के साथ फ्लाईओवर स्थल का धरातलीय निरीक्षण कर जायजा लिया। टीम अधिकारियों के मुताबिक जल्द ही आवश्यक सर्वे कराया जाएगा। आपत्तियों का निस्तारण होने के बाद निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। शुक्रवार को दिल्ली से आए रेल मंत्रालय के अधीन कार्यरत संस्थान कॉनकार के सीनियर जनरल जनरल मैनेजर दीपक मनोचा, ज्वाइंट जनरल मैनेजर (राइट संस्था) तपस विश्वास, वन क्षेत्राधिकारी बीडी जोशी और सिडकुल जेई एनएस नेगी ने अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ हल्द्वानी मार्ग स्थित रेलवे क्रासिंग स्थल का धरातलीय निरीक्षण किया। इस दौरान पाया गया कि फ्लाईओवर बनाने में लोनिवि की जमीन आड़े नहीं आएगी, लेकिन सड़क के दोनों ओर स्लीप रोड बनाने के लिए वन भूमि की आवश्यकता पड़ेगी। इसके लिए वन विभाग से अनापत्ति ली जानी बाकी है। सीनियर जीएम मनोचा ने बताया कि फ्लाईओवर निर्माण के साथ ही सड़क के एक ओर छह मीटर जबकि दूसरी ओर लगभग चार मीटर स्लीप रोड भी बनाई जाएगी। जिससे कि राहगीरों को असुविधा का सामना न करना पड़े। बताया कि कितनी वन भूमि की जरूरत पडे़गी और कितने पेड़ों को काटना पडे़गा। यह सर्वे के बाद ही पता लग सकेगा। बताया कि जल्द ही सर्वे कार्य शुरु करा दिया जाएगा। इस मौके पर कॉनकार इंजीनियर दीपक रावत, तनुज उनियाल, आशुतोश पुरोहित, उप वन क्षेत्राधिकारी प्रदीप, वन दरोगा प्रमोद त्रिपाठी, डूंगर बिष्ट, चंद्रशेखर पाठक आदि मौजूद थे।

Related posts