अपार्टमेंट एक्ट निरस्त करने पर फैसला आज

शिमला। हिमाचल में रीयल एस्टेट के लिए बनाए गए अपार्टमेंट एक्ट को निरस्त करने पर मंत्रिमंडल मंगलवार को फैसला ले सकता है। विधानसभा के मानसून सत्र से ठीक पहले कैबिनेट की बैठक मंगलवार शाम 4 बजे हो रही है। इसमें अपार्टमेंट अधिनियम 2005 को निरस्त करने पर फैसला हो सकता है। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग की ओर से इस बारे में नए टीसीपी एक्ट का प्रारूप कैबिनेट में रखा जाएगा, जो अपार्टमेंट एक्ट की भी जगह लेगा। मंत्रिमंडल ने यदि विधेयक प्रारूप को ओके कर दिया तो बुधवार से शुरू हो रहे विधानसभा के मानसून सत्र में इसे पेश किया जाएगा।
इसके अलावा करुणामूलक भर्ती के मामले में आय सीमा बढ़ाने के प्रस्ताव पर भी कैबिनेट फैसला ले सकता है। इस बारे में मेमोरेंडम बनकर तैयार है, हालांकि यह बैठक में रखा जाएगा या नहीं? इस फैसला अभी नहीं हुआ है। आय सीमा की शर्त के कारण हजारों आवेदन करुणामूलक नौकरी के लिए अपात्र हो गए हैं। वित्त वर्ष 2013-14 की नई खाद नीति पर भी चर्चा होनी है। देशभर में खाद संकट के कारण इसके लिए हर साल पालिसी घोषित करना जरूरी हो गया है। चूंकि मुख्यमंत्री पिछले दो दिन से शिमला में नहीं थे, इसलिए अभी तक कई विषयों को कैबिनेट में ले जाने पर फैसला नहीं हो पाया है। यह फैसला अब मंगलवार सुबह ही होगा।
इनसेट
शिमला के बादलों ने सीएम को लौटाया
शिमला। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने सोमवार को 1.00 बजे दिल्ली से शिमला पहुंचना था। वह ठीक समय पर पहुंच भी गए, लेकिन शहर के ऊपर छाए बादलों ने हेलिकाप्टर अनाडेल तक पहुंचने ही नहीं दिया। कच्चीघाटी के ऊपर से ही इसे लौटना पड़ा। इसके बाद जुब्बड़हटी में उतरने की कोशिश भी नाकाम रही। मजबूरन हेलिकाप्टर चंडीगढ़ में उतरा और वहां से मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से शिमला आए। वह शाम को 6.30 बजे शिमला पहुंचे।

Related posts