
शिमला। हिमाचल में अपात्र बीपीएल परिवारों पर कार्रवाई 15 दिन के भीतर हर हाल में जाएगी। इसके लिए सभी एसडीएम को 15 दिन में लंबित मामले निपटाने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निर्देश पर पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास तल्ख है। पंचायती राज मंत्री अनिल शर्मा ने कहा कि इस मामले पर सरकार ने गंभीरता दिखाते हुए सभी एसडीएम को निर्धारित समय पर सुनवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए आम लोगों से भी संबंधित एसडीएम के समक्ष शिकायत करने का अनुरोध किया गया है।
राज्य में उपमंडलाधिकारियों के पास अपात्र बीपीएल परिवारों की हजारों शिकायतें लंबित हैं। इनका समय पर निपटारा नहीं होने से सरकार सख्त है। नई शिकायतों का भी समयबद्ध निपटारा करने के निर्देश दिए गए हैं। मंत्री अनिल शर्मा ने कहा कि अभी तक अपात्र बीपीएल परिवारों को लेकर शिकायतों में भले ही ढील रही हो। आगे से इस व्यवस्था को अधिक दुरुस्त कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने भी राजीव गांधी अन्न योजना के लांच के दौरान ये निर्देश जारी किए थे कि बीपीएल का ठीक से चयन होगा। जिन पंचायतों से ज्यादा शिकायतें आ रही हैं, उन पर सख्त कार्रवाई की बात भी की गई थी। जरूरी नहीं कि अपात्र बीपीएल पर ग्राम सभा में ही कार्रवाई हो। यह एसडीएम भी अपने पास शिकायत आने के बाद कर सकते हैं।
