
मंगलौर। क्षेत्र के एक गांव से एक महीना पहले अपहृत युवती कस्बे में ही बेहोशी की हालत में पड़ी मिली। पुलिस ने होश आने पर लड़की से पूछताछ करने के बाद उसका मेडिकल कराया है। इसके बाद युवती को कोर्ट में पेश करने के लिए भेजा गया है।
मिली जानकारी के अनुसार कोतवाली अंतर्गत एक गांव से एक व्यक्ति की 18 वर्षीय पुत्री 05 जून को लापता हो गयी थी। उसके पिता ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस और परिजन तभी से युवती की तलाश में जुटे हुए थे। बृहस्पतिवार की शाम परिजनों को सूचना मिली कि युवती मंगलौर नगर के डाट बाजार में बेहोशी की हालत में पड़ी है। आननफानन में परिजन तत्काल मंगलौर पहुचे और युवती को एक निजी चिकित्सक के यहां उपचार के लिए ले गए। होश में आने पर परिजन उसे लेकर कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने युवती से पूछताछ करने के बाद उसका मेडिकल कराया है। इसके बाद शुक्रवार को उसे न्यायालय में बयान कराने के लिए भेजा गया है। पुलिस के जांच अधिकारी राजकुमार का कहना है कि कोर्ट के आदेश के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
