अपहृत महिला के परिजनों ने घेरा थाना

पालमपुर (कांगड़ा)। उपमंडल की पंचायत ठंढोल के एक गांव से बुधवार शाम को लापता महिला का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इससे गुस्साए लोगों ने पालमपुर थाना के सामने शुक्रवार को जोरदार नारेबाजी की। हालांकि पुलिस महिला की तलाश में जुटी हुई है।
पंचायत ठंढोल के एक गांव से बुधवार शाम एक महिला घर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई है। पुलिस ने घटना के बाद अपहरण का मामला दर्ज किया है। घटना की शिकायत परिजनों ने पंचरुखी पुलिस चौकी में दर्ज करवा दी थी। लेकिन महिला का दूसरे दिन भी पता नहीं चल सका है। गुस्साए परिजनों ने पालमपुर में थाने के बाहर नारेबाजी की और डीएसपी पालमपुर को ज्ञापन सौंपा। बताया जाता है कि महिला बुधवार करीब शाम सात बजे अपने घर में काम कर रही थी, उसके बच्चे भी घर में थे। जब वह किसी काम से घर के पीछे की तरफ गई तो उसके बाद वापस नहीं आई। बताया जा रहा है कि महिला का किसी ने अपहरण कर लिया है। जबकि महिला का मोबाइल फोन और उसकी चप्पलें घर के बाहर मिली हैं। यह देख उसके परिजनों ने पंचरुखी पुलिस चौकी में अपहरण की शिकायत दर्ज करवा दी है। हालांकि पुलिस सूत्र बताते हैं कि मामले में कुछ लोग संदेह के घेरे में आए हैं, जिनसे जल्द पूछताछ होगी। उधर, डीएसपी पालमपुर नवदीप सिंह ने कहा कि पुलिस महिला के अपहरण के मामले में छानबीन में जुटी है। जल्द ही मामले का पता चल जाएगा। हर पहलू से छानबीन की जा रही है।

Related posts