
मंगलौर। युवती का अपहरण और दुराचार करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। युवती दस दिन पूर्व बेहोशी की हालत में कस्बे में मिली थी। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर आरोपी को जेल भेज दिया है।
एक महीना पूर्व कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती लापता हो गई थी। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी मंगलौर कोतवाली में दर्ज कराई थी। चार जुलाई को युवती कस्बे के डाट बाजार से बेहोशी की हालत में परिजनों को मिली थी। पुलिस ने युवती का मेडिकल परीक्षण कराकर उसे न्यायालय में पेश किया था। मेडिकल रिपोर्ट में लड़की के साथ दुराचार होने की पुष्टि हुई थी। न्यायालय ने युवती को परिजनों को सौंप दिया था। मामले की विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि लड़की को भगाकर ले जाने वाला युवक रुड़की के टोडा कल्याणपुर गांव निवासी मुकेश था। रविवार को पुलिस ने उसे दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ अपहरण और दुराचार का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
