अपने ही घर को लगा दी आग

नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। पंचायत मुनेहड़ में एक व्यक्ति ने अपना आशियाना ही जला डाला। इससे सारा सारा मकान राख हो गया। आरोप है कि नशे में चूर अवतार सिंह ने शनिवार शाम को अपनी पत्नी व बच्चों के साथ मारपीट के बाद सुबह होते ही इस घटना को अंजाम दे डाला।
पंचायत प्रधान राजेश चौधरी ने बताया कि शनिवार रात को नशे में चूर अवतार सिंह ने अपनी पत्नी व बच्चों के साथ मारपीट की। देर रात तक मचे हंगामे के बाद पंचायत प्रधान अवतार सिंह की पत्नी व बच्चों को अपने घर ले आया। लेकिन रविवार की सुबह अवतार सिंह ने अपने ही घर को आग लगा दी। इससे सारा सामान जलकर राख हो गया। यहां तक कि बच्चों के जरूरी दस्तावेज भी आग भी भेंट चढ़ गए। पंचायत प्रधान की मानें तो इस आगजनी से करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। अवतार सिंह की पत्नी सुषमा देवी ने सुबह पुलिस में सारे मामले की रिपोर्ट दर्ज करवा दी। सुषमा कहना है कि उसका पति पिछले पांच सालों से घर से गायब रहा तथा अब जब वापस आया है तो रोजाना मारपीट व गाली-गलौज करता है। वहीं मामले की जांच कर रहे एएसआई नरेश कुमार ने मौके पर पहुंच कर पूरे मामले की छानबीन की तथा मौजूद लोगों के बयान लिए। एएसआई ने बताया कि उक्त व्यक्ति पर आईपीसी 436 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
वहीं डीएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि पूरे मामले की गहनता से छानबीन की जाएगी। उन्होंने कहा कि सुषमा देवी ने अपने पति पर आग लगाने के आरोप लगाए हैं। लेकिन पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

Related posts