अपनी ही सरकार को किया कटघरे में खड़ा

मुनस्यारी। राहत कार्यों में तेजी के लिए मुनस्यारी में मंडलायुक्त ने ली बैठक में कांग्रेस नेता ने अपनी ही सरकार को कटघरे में खड़ा किया और सुस्त मशीनरी को जमकर निशाने पर लिया। बैठक में कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष राम सिंह धर्मसत्तू ने राहत के नाम पर मखौल करने का आरोप लगाया। कहा कि यहां फंसे 58 लोग तीन दिन से राहत का इंतजार कर रहे हैं मगर उन्हें कोई मदद नहीं पहुंचाई गई।
28 जून को डीएम ने ली बैठक में गोरी नदी के बाई तरफ के गांवों के लोगों को मर्तोली और नदी की दाई ओर के लोगों को मिलम में आने को कहा गया। यह फंसे 58 लोग किसी तरह मर्तोली और मिलम पहुंचे, लेकिन हेलीकॉप्टर आज तक नहीं पहुंचा। इनमें से 5 लोग बीमार भी हैं। प्रशासन ने मौसम खराब होने की दलील को ढाल बनाया।
मंडलायुक्त आरके सुधांशु ने राहत कार्य में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरतने का भरोसा दिलाया। पिथौरागढ़ से भी राहत टीम को यहां बुलाया जा रहा है। दो-तीन दिनों में राहत कार्य पूरा होने की बात भी कही गई। ठगुवा, बंगापानी, सेराघाट, सेरा सिर्तोली, मवानी-दवानी आदि गांवों में राशन की पूर्ति कराने को हेलीकॉप्टर से बंगापानी ड्राप किया जाएगा।
विधायक हरीश धामी ने कहा कि प्रभावितों को हर हाल में राहत पहुंचाई जाएगी। मवेशियों के मारे जाने पर मुआवजे के लिए पशुपालन विभाग की एक टीम हेलीकॉप्टर से मल्लाजोहार भेजी जाएगी। मकानों में आंशिक क्षति पर दो लाख रुपये मिलेंगे। बसंतकोट के पास का झूलापुल बहने के साथ खतरे की जद में आए पांच परिवारों में से दो को ही मुआवजा देने की शिकायत पर विधायक ने शेष तीन लोगों को मुआवजा देने के एसडीएम निर्देश दिए।
धारचूला और मुनस्यारी क्षेत्र में एक हजार नए मकान का प्रस्ताव दिया जाएगा। विस्थापन के लिए प्रति परिवार 12-12 मुट्ठी का प्रस्ताव दिया जाएगा। भूकटाव पर प्रति नाली पांच हजार रुपये मुआवजा देने की बात कही। बैठक में सीडीओ डा.राघव लंगर, एडीएम बीएल राणा, एसडीएम एके शुक्ला आदि मौजूद थे।

Related posts