
भोरंज (हमीरपुर)। सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह अज्ञातवास में क्यों चले गए हैं। पिछले सात दिनों से पूछे जा रहे सवालों के उत्तर क्यों नहीं दे रहे। मुख्यमंत्री व उनकी पत्नी ने बकामुल्ला से 12 प्रतिशत ब्याज दर पर किस कार्य के लिए पैसे उधार लिए, परिवार के अन्य किन सदस्यों ने पैसे उधार लिए हैं। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह समस्त सवालों का जल्द से जल्द जवाब दें। पट्टा, लदरौर में जनसंपर्क अभियान के दौरान ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि जल्द ही कांग्रेस सरकार के दो मंत्रियों, एक नेता के खिलाफ मानहानि का दावा करेंगे। बेबुनियादी आरोपों के आधार पर मुख्यमंत्री के खिलाफ भी मानहानि का दावा करेंगे।
प्रदेश की कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचारियों की सरकार बन गई है। कांग्रेस सरकार के सात-आठ माह के कार्यकाल के दौरान करीब 1706 मामले लड़कियों, महिलाओं से छेड़छाड़ तथा अन्य सामने आए हैं। महिलाओं के प्रति बढ़ता अपराध सरकार के लिए शर्म की बात है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्टेडियमों का निर्माण कर युवाओं को खेल के साथ जोड़ा है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के कारनामों के सबूत उनके पास हैं और जल्द ही जनता के समक्ष जारी करेंगे। जनता उनके कार्यकाल की सच्चाई को जानती है। कार्यक्रम के दौरान पूर्व शिक्षा मंत्री आईडी धीमान, मंडल अध्यक्ष दलवीर ठाकुर, अशोक ठाकुर, विपन अग्निहोत्री, जोगिंद्र राणा, जिला परिषद सदस्य मदन धीमान सहित अन्य कार्यकर्ता, पदाधिकारी उपस्थित थे।
विकास कार्यों के लिए दिए लाखों
सांसद अनुराग ठाकुर ने भोरंज विस क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में विकास कार्यों के लिए लाखों रुपए की राशि सांसद निधि से प्रदान की। सांसद ने ग्राम पंचायत पट्टा में रास्तों के निर्माण के लिए दो लाख रुपये, ग्राम पंचायत झरलोग में मंदिर में शौचालय के निर्माण के लिए डेढ़ लाख, डंगे के निर्माण के लिए डेढ़ लाख रुपये देने की घोषणा की। ठाकुर राम सिंह सरस्वती विद्या मंदिर झंडवी के भवन निर्माण के लिए दस लाख रुपये की राशि प्रदान की तथा कहा कि आवश्यकता पड़ने पर और भी राशि प्रदान की जाएगी।
