
शिमला। हिमाचल प्रदेश में सैनिक वोटरों को लुभाने के लिए भाजपा ने पहला दांव चल दिया है। पूर्व सेनाध्यक्ष और भाजपा नेता जनरल वीके सिंह 16 अप्रैल को हमीरपुर से भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर का नामांकन भरवाने पहुंच रहे हैं। पूर्व सेनाध्यक्ष जनरल वीके सिंह शुरू से ही कांग्रेस के प्रति आक्रामक रहे हैं। देश में आदर्श आचार संहिता लागू होने से ठीक पहले ही उन्होंने भाजपा ज्वाइन की थी। गाजियाबाद से बतौर भाजपा प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। प्रदेश में फौजी मतदाताओं की अच्छी खासी संख्या है, जिसको देखते हुए भाजपा की ओर से हिमाचल में पूर्व सेनाध्यक्ष जनरल वीके सिंह को लाने की तैयारी है। प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता गणेश दत्त ने बताया कि रविवार शाम को ही जनरल वीके सिंह ने हिमाचल आने की सहमति दी है। वे हमीरपुर के भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर के नामांकन में भी उपस्थित रहेंगे।जरूरत पड़ी तो प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी चुनाव प्रचार कर सकते हैं।
