अनुबंध कर्मचारियों का मार्च टू विधानसभा आज

शिमला। प्रदेश के अनुबंध कर्मचारियों का मार्च टू विधानसभा सोमवार को होगा। प्रदेश भर के अनुबंध कर्मचारी सुबह 11 बजे से चौड़ा मैदान पर एकत्रित होना शुरू होंगे। इसके बाद दोपहर दो बजे तक विधानसभा के बाहर पहुंचने का कार्यक्रम है। हालांकि धरने को करने वाले अनुबंध कर्मचारी नेता अभी बर्फबारी के कारण मूल क्षेत्रों में फंसे हैं। वह शिमला के लिए रवाना तो हुए हैं, लेकिन सड़कें बंद होने के कारण सुबह ही शिमला पहुंचने की संभावना है। प्रदेश के अनुबंध कर्मचारी इससे पहले अपनी मांगों को लेकर एक दिन का उपवास के साथ पेन डाउन हड़ताल कर चुके हैं।
अब लोकसभा चुनावों की घोषणा से पहले एक मर्तबा फिर से हिमाचल के अनुबंध कर्मचारी सरकार के समक्ष अपनी मांगों को उठाने की तैयारी में हैं। इसके लिए पहले कर्मचारियों ने तेरह फरवरी को धरना देने का फैसला लिया था। अब कर्मचारियों ने सोमवार को मार्च टू विधानसभा देने का फैसला लिया है। प्रदेश के अनुबंध कर्मचारी लंबे समय से पंजाब की तर्ज पर नियमितिकरण से लेकर अन्य मांगों की मांग कर रहे हैं। राज्य सरकार की ओर से इन कर्मचारियों को बजट में कई गैर वित्तीय लाभ तो दिए हैं, लेकिन अभी तक इन्हें वित्तीय लाभ और शीघ्र ही नियमित होने की घोषणा का इंतजार है। इसलिए कर्मचारी चुनावों से पहले अपनी मांग को सरकार के समक्ष रखना चाहते हैं। अनुबंध कर्मचारी नेता डा. हर्ष वर्धन खिमटा और पवन सैनी ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर सोमवार को मार्च टू विधानसभा होगा।

Related posts