
मंडी। पोस्ट ऑफिस में अनुपूरक परीक्षा फार्म न मिलने पर एसएफआई बिफर गई है। एसएफआई ने विश्वविद्यालय प्रशासन से अनुपूरक परीक्षा फार्म जल्द उपलब्ध करवाने की मांग की है। चेताया है कि शिक्षा तथा छात्रों के साथ इस तरह का खिलवाड़ न किया जाए। यदि छात्रों को जल्द फार्म मुहैया नहीं करवाए गए तो एसएफआई उग्र आंदोलन करेगी। एसएफआई अध्यक्ष लोकपाल तथा उपाध्यक्ष कमलजीत ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रों के हितों से खिलवाड़ कर रहा है। एसएफआई अध्यक्ष ने कहा कि विश्वविद्यालय कुलपति के शिक्षा के बाजारीकरण के कारण छात्रों को मुश्किलों से जूझना पड़ रहा है। विश्वविद्यालय ने छात्रों को अनुपूरक परीक्षा फार्म के लिए दर-दर भटकने पर मजबूर कर दिया है। एसएफआई का कहना है कि छात्रों का पूरा दिन पोस्ट आफिस के चक्कर काटने में निकल रहा है। बावजूद इसके पोस्ट ऑफिस में छात्रो को फार्म नहीं मिल रहे हैं। एसएफआई ने विवि प्रशासन को अनुपूरक परीक्षा फार्म जल्द उपलब्ध करवाने की दो टूक चेतावनी दी है।
