
मंडी। वल्लभ महाविद्यालय मंडी में शनिवार को अनुपूरक परीक्षाओं संबंधी फार्म और अन्य दस्तावेजों का सत्यापन नहीं किया गया। इसके चलते दर्जनों अभ्यर्थी कालेज में भटकते नजर आए। अभ्यर्थियों ने कालेज प्रशासन एवं प्रवक्ताओं से अनुपूरक फार्म और इससे संबंधित दस्तावेजों के सत्यापन करने की गुहार लगाई। मगर किसी ने भी दस्तावेजों का सत्यापन नहीं किया। अनुपूरक परीक्षा फार्म एवं अन्य दस्तावेजों का सत्यापन न होने पर विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने भी कालेज के उप प्राचार्य तथा अन्य प्रवक्ताओं से बात की, लेकिन प्रवक्ताओं ने स्टाफ काउंसिल की बैठक में लिए गए निर्णयों का हवाला देते हुए शनिवार को सत्यापन न करने की बात कही।
प्रवक्ताओं ने कहा कि स्टाफ काउंसिल की बैठक में निर्णय लिया गया था कि शनिवार तक अनुपूरक परीक्षाओं संबंधित कोई भी दस्तावेज सत्यापन नहीं किए जाएंगे। परिषद कार्यकर्ताओं ने प्रवक्ताओं से निवेदन किया कि विद्यार्थियों के फार्म सत्यापित किए जाएं। अभाविप इकाई अध्यक्ष योगेश ठाकुर ने मांग की कि सभी विद्यार्थ्यों के अनुपूरक परीक्षाओं के फार्मों का जल्द सत्यापन किया जाए, ताकि वे समय रहते विश्वविद्यालय को फार्म प्रेषित कर सकें। इस बीच शनिवार को भी कालेज परिसर में माहौल शांत रहा। शांतिपूर्वक तरीके से कक्षाएं लगी। मगर पुलिस का शनिवार को भी कालेज में कड़ा पहरा रहा। सदर थाना एचएचओ प्रकाश चंद सहित अन्य पुलिसकर्मी कालेज परिसर में तैनात रहे। उधर, कालेज उपप्राचार्य टीएस ठाकुर का कहना है कि स्टाफ काउंसिलिंग की बैठक में निर्णय लिया गया था कि शनिवार तक दस्तावेजों का सत्यापन नहीं किया जाएगा। सोमवार को कालेज प्राचार्य के दिशा-निर्देशों के उपरांत ही अनुपूरक परीक्षा फार्म और इससे संबंधित अन्य दस्तावेज सत्यापित किए जाएंगे।
