
अल्मोड़ा। मुख्य विकास अधिकारी ज्योति नीरज खेरवाल ने जिला स्तरीय उद्योग मित्र की बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के अनुपस्थित रहने पर नाराजगी जताते हुए स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए। जिला कार्यालय सभागार में उद्योग मित्र की बैठक में उन्होंने कहा कि शासन एक ओर उद्योगों की स्थापना को बढ़ावा दे रहा है वहीं दूसरी ओर अधिकारियों के अनुपस्थित रहने से समस्या का निदान न होने पर दिक्कतें हो रही हैं।
उन्होंने जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक को मिनी औद्योगिक आस्थान द्वाराहाट में प्लाटों के आवंटन के लिए एक माह के भीतर सभी औपचारिकताएं पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्लाटों के आवंटन के लिए पांच जुलाई तक विज्ञप्ति जारी कर 20 जुलाई तक आवेदन प्राप्त कर लिए जाएं। 27 जुलाई को उद्योग मित्र की बैठक बुलाकर लाटरी पद्धति के माध्यम से प्लाटों का आवंटन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उद्यमियों की समस्याओं के निराकरण में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं होगी।
जिला उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक कविता भगत ने कहा कि द्वाराहाट में प्लाटों के आवंटन की कार्रवाई शीघ्र की जाएगी। उन्होंने बताया कि द्वाराहाट में कुल 21 प्लाटों की मांग अभी तक हुई है। जबकि आस्थान में 24 प्लाट खाली हैं। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी प्रशांत कुमार आर्य, केसी जोशी, कैलाश पांडे, जयप्रकाश, चंदन सिंह, जेएस रावत, सुरेश तिवारी आदि मौजूद थे।
