अनुदेशक का सप्ताह भर बाद भी पता नहीं

अल्मोड़ा। आईटीआई के लापता अनुदेशक गजेंद्र सिंह डसीला का एक सप्ताह बाद भी पता नहीं लग सका है। नगर व्यापार मंडल के शिष्टमंडल ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने गुमशुदा अनुसेवक का तीन दिन के भीतर पता नहीं लगने पर आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया।
ढूंगाधारा निवासी आईटीआई अनुदेशक गजेंद्र सिंह डसीला 13 अगस्त से संस्थान से लापता हो गए थे। अनुदेशक के पिता ने पुलिस में इस मामले की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने अनुदेशक का पता लगाने को कई स्थानों पर खोजबीन की लेकिन सात दिन बाद भी उनका कोई सुराग नहीं लग सका है। सोमवार को नगर व्यापार मंडल के शिष्टमंडल ने जिलाधिकारी अक्षत गुप्ता से मुलाकत कर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि पुलिस की सुस्त कार्य प्रणाली से लोगों में असंतोष है। सात दिन बाद भी पुलिस गुमशदा का पता नहीं लगा सकी है। उन्होंने तीन दिन के भीतर अनुदेशक का पता नहीं चलने पर 22 अगस्त से कलक्ट्रेट परिसर में धरना शुरू करने का ऐलान किया है। शिष्टमंडल में नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय साह, महामंत्री दीप जोशी, किशन गुरुरानी, दीपक साह, पंकज वर्मा, मनोज पवांर, अभय साह, ललित कार्की, नवीन चंद्र, रियाज अहमद, आर्शीवाद गोस्वामी, विनोद कुमार आदि शामिल थे।

Related posts