
धर्मशाला। कांगड़ा घाटी ग्रीष्मोत्सव-2014 का रविवार को समापन हो गया। समारोह की अंतिम संध्या में इंडियन आइडल फेम अनुज शर्मा ने एक के बाद एक हिट गाने गाकर लोगों का मनोरंजन किया। अनुज ने हम तेरे बिन जी नहीं पाते…, सुन जरा… गाने गाकर लोगों का मनोरंजन किया। कृतिका तनवर ने कजरा मोहब्बत वाला…, बेबी डोल…गाना गाया। इसके बाद अनुज और कृतिका ने नॉन स्टाप पंजाबी गानों इश्क मेरा, जट यमला पगला दिवाना… गाने गाकर लोगों को झूमने पर विवश कर दिया। इसके बाद गायिका निधि कोली ने एक के बाद एक हिट गाने गाकर लोगों का मनोरंजन किया। निधि ने तुम ही हो मेरी जिदंगी.., जुगनी-जुगनी…, एेमे न रुसया कर डोला… गाने गाए। गायक राजीव थापा ने मुस्कराने की वजह…, अभी मुझ में कहीं…, पारलिया वणिया मोर जो बोले… गाने गाए। रविवार शाम होमगार्ड के बैंड ने पारंपरिक धुनों को छेड़ते हुए उपस्थित लोगों का खूब मनोरंजन किया। शुभम म्यूजिकल ग्रुप, मिनाक्षी म्यूजिकल ग्रुप, सरस्वती सुर संगम ग्रुप धर्मशाला, रोशनी म्यूजिकल ग्रुप धर्मशाला के कलाकारों ने लोगों को झूमने पर मजबूर किया। सरस्वती सुर संगम ग्रुप धर्मशाला के कलाकारों ने कांगड़ी गिद्दे की मनमोहक प्रस्तुति देते हुए खूब तालियां बटोरीं।
इसके अलावा स्थानीय कलाकारों ने भी वाद्य यंत्रों से खूब रंग जमाया। कलाकारों ने वाद्य यंत्रों से हिमाचली लोकगीतों की धुनों की प्रस्तुति देते हुए उपस्थित लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। कांगड़ा घाटी ग्रीष्मोत्सव-2014 की अंतिम संध्या पर सीपीएस जगजीवन पाल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते हुए समारोह का समापन किया। कांगड़ा घाटी ग्रीष्मोत्सव-2014 समिति के अध्यक्ष व उपायुक्त कांगड़ा सी पालरासु ने मुख्यातिथि जगजीवन पाल को हिमाचल टॉपी, शाल और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर एडीसी सुदेश मोक्टा, एडीएम राकेश शर्मा, एसपी कांगड़ा कपिल शर्मा, एसडीएम बलवीर ठाकुर, एएसपी डा. शिव कुमार, डीएसपी हितेश लखनपाल, डीएसपी मनमोहन सिंह, रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव ओपी शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
