
चंबा। ग्राम पंचायत भड़ियांकोठी के गांव तड़ग्रां के लोग उपायुक्त संदीप कदम से मिले। उन्होंने उपायुक्त को बताया कि तड़ग्रांवासी बार-बार अपनी समस्या को लेकर प्रशासन से मिल रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से उनकी समस्या का कोई समाधान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों ने कई बार रावी नदी पर बने घरूरू (झूला पुल) की मरम्मत करने की प्रशासन से मांग की, लेकिन आज तक घरूरू की मरम्मत नहीं हो पाई। उन्होंने कहा कि सोमवार को भी घरूरू खराब होने के कारण रावी पार कर रहा एक शिक्षक नदी में बह गया और अस्पताल में उपचाराधीन है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी कई बार स्कूली बच्चे घरूरू पर फंस चुके हैं और अपनी अगुंलियां कटवा चुके है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई जा रही है। उन्होंने कहा कि दो दिन के भीतर जिला प्रशासन ने उनकी समस्या का समाधान नहीं किया, तो वे अनशन पर बैठ जाएंगे। उपायुक्त संदीप कदम ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि जल्द उनकी समस्या का समाधान कर दिया जाएगा। इस अवसर पर स्थानीय पंचायत प्रधान रोशन लाल, वार्ड मेंबर बीना देवी, दीपक कुमार, ओंकार सिंह, ऐन सिंह, महिंद्र सिंह, बबलू, बजर सिंह, होशियार सिंह और चमन सिंह मौजूद रहे।
