अनशनकारी की गिरी सेहत, भूख हड़ताल जारी

मुनस्यारी। राहत सामग्री वितरण में धांधली का आरोप लगाते हुए उक्रांद नेता लोक बहादुर जंगपांगी का आमरण अनशन आज तीसरे दिन भी जारी रहा। अनशनकारी की सेहत अब लगातार गिरने लगी है। उक्रांद आज (शनिवार) नगर भर में जुलूस निकालकर विरोध जताएगा। उधर, प्रशासन की तरफ से कोई सुध न लेने पर लोगों में काफी आक्रोश है।
मुनस्यारी तहसील के दूरदराज के कई क्षेत्रों में राहत सामग्री वितरण में धांधली का आरोप लगाते हुए उक्रांद नेता लोक बहादुर जंगपांगी 31 जुलाई से आमरण अनशन पर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन आपदा राहत कार्य में ढिलाई बरत रही है। कई जगह पीड़ितों के बजाय पहुंच वाले राहत हड़प रहे हैं। लेकिन प्रशासन इस स्थिति को ठीक करने में नाकाम रहा है। उक्रांद के ब्लाक अध्यक्ष बाला सिंह कोश्यारी सहित तमाम वक्ताओं ने पीड़ितों को मौके पर जाकर मदद करने की भी मांग की गई। आपदा पीड़ितों को न्यायपूर्ण तरीके से राहत नहीं पहुंचाने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही गई है।
उधर अनशनकारी लोक बहादुर कमजोरी महसूस कर रहे हैं। लेकिन अभी तक उनका स्वास्थ्य परीक्षण नहीं किया गया है। धरने में बलवंत सिंह, देवकी देवी, दयाल गिरि, गणेश राम, दुर्गा सिंह, मिथुन कुमार, काली देवी, कुंती देवी, नत्थी राम, लक्ष्मण सिंह, बीणा देवी, मीना देवी, कलावती देवी आदि मौजूद थे। भाजपा कवींद्र देवली, वीरेंद्र मर्तोलिया, मल्ला जोहार विकास समिति ने भी आंदोलन का समर्थन किया है। कहा कि 15 सितंबर तक राहत पूरी नहीं होने पर सड़कों पर उतरकर विरोध करेगी।

Related posts