
चंबा। क्षेत्र की कैला पंचायत स्थित राजकीय प्राइमरी स्कूल कुठेड़ एक अध्यापक के हवाले है। इस कारण स्कूल में शिक्षा ग्रहण कर रहे 60 के करीब छात्र-छात्राओं का भविष्य अधर में लटक गया है। जानकारी के मुताबिक कुछ माह पहले इस स्कूल से एक अध्यापक का तबादला हो चुका है और स्कूल में एक ही अध्यापक सेवाएं दे रहा है। स्कूल में तैनात अध्यापक को मिड डे मील के अलावा अन्य कागजी औपचारिकताएं भी पूरी करनी पड़ती हैं। ऐसे में अध्यापक का सारा समय अन्य कामों में ही निकल जाता है और बच्चों को पढ़ाने का समय ही नहीं मिलता। इसके चलते स्कूल में शिक्षा का बुरा हाल है। शिक्षा की दयनीय स्थिति को देखकर अभिभावकों में रोष है। पंचायत प्रधान आरती, उपप्रधान तिलक सिंह, स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान शक्ति, वार्ड मेंबर रेखा, गनी मोहम्मद, मीर खातू, महेश्वरी, प्रवीण, सुरेश, नरेश, पवन, जीवन, यूसुफ सवारिया, गगन और सन्नी ने बताया कि स्कूल में अध्यापकों की कमी होने के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने शिक्षा विभाग को चेताया है कि जल्द स्कूल में रिक्त पदों को नहीं भरा गया तो वे स्कूल में ताला जड़ देंगे। उन्होंने जल्द स्कूल में अध्यापकों की तैनाती करने की मांग की है। उधर, प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक सुशील कुमार पुंडीर ने बताया कि स्कूल में रिक्त पड़े पदों के बारे में विभाग के उच्च अधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है। जल्द स्कूलों में रिक्त पदों को भर दिया जाएगा।
