
सुंदरनगर (मंडी)। मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल ठाकुर ने ग्राम पंचायत दुमटवैली के कमांद में आठ लाख की लागत से राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत निर्मित स्कूल भवन का लोकार्पण तथा स्तरोन्नत वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला का शुभारंभ किया। इस दौरान 14 वर्ष से कम आयु की छात्राओं की खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का भी शुभारंभ किया। सोहन लाल ने कहा कि प्रदेश सरकार पिछड़े तथा दूरदराज क्षेत्रों के विद्यार्थियों को घर द्वार पर शिक्षा उपलब्ध करवाने के प्रयास कर रही है। पिछली सरकार द्वारा बंद किए गए स्कूलों को पुन: खोला गया है। इस वर्ष विभिन्न श्रेणियों के अध्यापकों के दो हजार पद भरने का निर्णय लिया है। दुमटवैली तथा आसपास के क्षेत्रों में विद्युत की कम वोल्टेज की समस्या के समाधान के लिए नए विद्युत ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाएंगे। इस मौके पर रोहांडा स्कूल के प्रधानाचार्य बलवंत ठाकुर, एसएमसी के प्रधान घनश्याम तथा ग्राम पंचायत के प्रधान तुला राम ने भी अपने विचार व्यक्त किए। सुंदरनगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष हेमंत शर्मा भी मौजूद रहे।
