अध्यक्ष पद के लिए रेश्मा करेंगी मुकाबला

रामपुर बुशहर। पीजी कॉलेज रामपुर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने केंद्रीय छात्रसंघ चुनाव के लिए अपना पैनल उतार दिया। शनिवार को बैठक में संगठन मंत्री जीत सिंह ने चुनावी पैनल की घोषणा की। एबीवीपी ने अपने पैनल में दो छात्राओं को जगह दी है।
एबीवीपी ने अध्यक्ष पद पर बीए तृतीय वर्ष में अध्ययनरत ननखड़ी की रेश्मा और महासचिव पद पर बीए द्वितीय वर्ष के नरैण के अशोक पालसरा को चुनावी दंगल में उतारा है। जबकि, उपाध्यक्ष पद पर बीकॉम तृतीय वर्ष में अध्ययनरत किन्नौर की सपना नेगी और संयुक्त सचिव पद पर कुल्लू के बीए तृतीय वर्ष के तरुण को मैदान में उतारा है। इसके अतिरिक्त कक्षा प्रतिनिधियों में बीए प्रथम वर्ष से संजीव ठाकुर, यशवंत, दिव्या, किरण, द्वितीय वर्ष से ऊषा नेगी, बीएससी प्रथम वर्ष से विपिन, सुमेश नेगी, द्वितीय वर्ष से अंजना, बीकॉम प्रथम वर्ष से कल्पना, द्वितीय वर्ष से नरेश तथा तृतीय वर्ष से अनीता को चुनावी मैदान में उतारा है। विभाग प्रतिनिधियों का चुनाव लड़ने वालों में एमए हिंदी से एकता, एमए अर्थशास्त्र से तुलाराम और एमए इतिहास से सूरत राम शामिल हैं। पैनल की घोषणा के बाद एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने अपने प्रत्याशियों के साथ कॉलेज परिसर में छात्र-छात्राओं से वोट मांगे। इस मौके पर संगठन मंत्री के अलावा एबीवीपी कॉलेज इकाई के प्रेस सचिव तेनजिन नेगी, योगराज नेगी, प्रवीण मेहता और गुड्डू राम मौजूद रहे।
चुनाव में ये हैं एबीवीपी के मुद्दे
-न्यू आर्ट्स ब्लॉक का कार्य जल्द पूरा करवाना
-एससी कन्या छात्रावास का निर्माण जल्द शुरू करवाना
-कॉलेज में रिक्त पड़े पदों को भरना
-कॉलेज मैदान को समतल बनवाना
-बीसीए में सीटों की बढ़ोतरी करना
-कॉमर्स संकाय को अलग भवन की मांग

Related posts