अधिकारी 30 जून तक खर्च करें अवशेष राशि

पौड़ी। जिला, राज्य की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियाें को पिछले साल की अवशेष राशि 30 जून तक खर्च करने के निर्देश दिए। साथ ही वन विभाग के अधिकारियों को तत्काल प्रगति के रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में डीएम चंद्रेश कुमार यादव ने विभागवार योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि जल निगम, जलसंस्थान, विद्युत, आरईएस, राजकीय सिंचाई समेत विभिन्न विभाग उक्त योजनाओं के तहत पिछले साल का काफी बजट अवशेष है। डीएम ने कहा कि संबंधित विभाग 30 जून तक अवशेष राशि खर्च कर इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
बैठक में जिलाधिकारी ने वन विभाग के अधिकारियों द्वारा विकास योजनाओं की अभी तक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं करने पर असंतोष जताया। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल प्रगति रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं का स्थलीय निरीक्षण करने, मौजूदा परिस्थितियों में जिसकी जरूरत नहीं है उसे निरस्त करते हुए उसकी रिपोर्ट शासन को भेजने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ नवनीत पांडे, एडीएम नितिन भदौरिया समेत कई मौजूद थे।

Related posts