
उत्तरकाशी। इतवार की छुट्टी पर भले ही डीएम समेत जिले के अधिकारी मनेरा स्टेडियम में क्रिकेट मैच खेलने में मस्त रहे लेकिन उत्तरकाशी बचाने की मांग को लेकर कलक्ट्रेट में जनसंगठनों के साझा मंच का धरना 28वें दिन भी जारी रहा। रविवार को संवेदना समूह के कार्यकर्ताओं ने भजन कीर्तन से सरकारी सिस्टम को सद्बुद्धि की कामना की तथा जनगीतों से जनचेतना फैलाने का प्रयास किया।
सड़क एवं सुरक्षा की मांग को लेकर साझा मंच का धरना 28वें दिन भी जारी रहा। धरनास्थल पर हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा कि यमुनोत्री, गंगोत्री राजमार्ग पर भूस्खलन का मलबा पाटकर की गई कामचलाऊ व्यवस्था पर ही प्रशासन राजमार्ग चालू होने के दावे कर रहा है। जबकि यहां बार-बार सड़क अवरुद्ध हो रही है तथा यातायात खासा जोखिमभरा है। खतरे की जद में आई आबादी को सुरक्षित करने के लिए अभी तक कार्ययोजना भी नहीं बन पाई है।
आंदोलनकारियों ने धरनास्थल पर भजन-कीर्तन कर भगवान से सरकार, शासन-प्रशासन को सद्बुद्धि देने की कामना की। जन गीतों से आम जनमानस को जागरूक करने का प्रयास किया। इस मौके पर संवेदना समूह के अध्यक्ष जयप्रकाश राणा, रोशन, सुरेंद्र पुरी, अनिल सेमवाल, अजय, मोहन डबराल, मनवीर रावत, ओमप्रकाश बिजल्वाण, गोविंद बिष्ट, सत्येंद्र पंवार, होटल एसोसिएशन के शैलेंद्र मटूड़ा, व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेंद्र पंवार, उपेंद्र सजवाण, लोकसेवक संघ के बुद्धि सिंह पंवार, शरद रावत मौजूद थे।
