
मंडी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की ओर से लगाए गए छेड़छाड़ के आरोप में पुलिस ने छानबीन तेज कर दी है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने सीडीपीओ मंडी पर यह आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई तेज कर दी है।
मंडी शहर के समीप की पंचायत के एक आंगनबाड़ी केंद्र में कार्यरत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने सदर थाना में शिकायत दर्ज की है कि उक्त अधिकारी ने 31 जुलाई को उसके आंगनबाड़ी केंद्र में आकर उससे छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें की थीं। पुलिस ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की शिकायत पर सीडीपीओ सदर के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मंगलवार को जांच अधिकारी कमला घई की अगुवाई में पुलिस दल आरोपी अधिकारी को पकड़ने के लिए उसके घर सनोरघाटी के लिए रवाना हो गया। इधर, एसपी मंडी आरएस नेगी ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की शिकायत पर सीडीपीओ के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मामले की जांच कर रही अधिकारी कमला घई की अगुवाई में पुलिस दल उसे हिरासत में लेने के लिए रवाना हो गया है। कमला घई ने बताया कि शीघ्र ही आरोपी को हिरासत में लिया जाएगा।
