अधिकारियों को नहीं दिखाई देते गड्ढे

चंबा। बस अड्डे से धड़ोग मोहल्ला होते हुए बारगाह को जाने वाले संपर्क मार्ग की हालत बहुत खस्ता हो चुकी है। इस कारण धड़ोग व बारगाह मोहल्ला के वाशिंदों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हैरत की बात तो यह है कि इस मार्ग पर वन विभाग, लोक निर्माण विभाग व वन्य प्राणी विभाग के कार्यालय हैं और इन विभागों के अधिकारी व कर्मचारी हर रोज इसी मार्ग से आते-जाते हैं, लेकिन इस सड़क की मरम्मत करवाने की किसी ने जहमत नहीं उठाई। लोक निर्माण विभाग व वन्य प्राणी विभाग के कार्यालय से लेकर वन विभाग के मुख्य अरण्यपाल कार्यालय तक सड़क पर तारकोल का नामोनिशान तक नहीं है। सड़क पर जगह-जगह इतने बड़े-बड़े गड्ढे पड़े हुए हैं कि वाहन चलाना खतरे से खाली नहीं है। इस मार्ग पर धड़ोग, बारगाह और लोअर जुलाहकड़ी के सैकड़ों लोग सफर करते हैं, लेकिन मार्ग की दशा खराब होने से जहां वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं स्कूली बच्चों को पैदल आवाजाही में परेशानी हो रही है। रविदास गुरुद्वारा के समीप मार्ग पर कई जगह तारकोल उखड़ चुकी है। मार्ग पर पड़े गढ्डों में पानी भरा रहता है। जब कोई वाहन यहां से गुजरता है तो लोगों के कपड़ों पर गंदे पानी के छींटे पड़ जाते हैं। साथ ही दोपहिया वाहन चालकों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों अजय कुमार, मितु, सुनील कुमार, विशाल, देवेंद्र, साहिल ने नगर परिषद से मांग की है कि जल्द इस मार्ग की दशा सुधारी जाए। उधर, नगर परिषद अध्यक्ष अनीता ठाकुर ने बताया कि जल्द इस मार्ग की मरम्मत करवा दी जाएगी।

Related posts