
बरोट/पधर (मंडी)। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ठाकुर कौल सिंह ने रविवार को चौहारघाटी के सुधार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को हाइटेक सुविधाओं से लैस करने का ऐलान किया है। द्रंग के दुर्गम क्षेत्र का यह पहला अस्पताल है। यहां एक्सरे, रेफ्रिजरेटर और अल्ट्रासाउंड की आधुनिक सुविधाएं निकट भविष्य में उपलब्ध होगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने यहां निशुल्क मल्टी हेल्थ चेकअप कैंप के शुभारंभ पर जनसभा को संबोधित करते हुए यह घोषणा की। कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने में कृत संकल्प है। इसके लिए चिकित्सकों और अन्य पेरामेडिकल स्टाफ की भर्ती प्रक्रिया सरकार ने शुरू कर दी है। ग्रामीण क्षेत्रों में सस्ती जैनरिक दवाइयां भी अस्पतालों में मुहैया करवाए जाने का फैसला लिया है। इसके लिए अस्पतालों में डाइग्नोज रजिस्टर मेनटेंन किया जाएगा। सेंक्चुरी एरिया से घाटी के क्षेत्र को बाहर करने की सुप्रीम कोर्ट से मंजूरी मिल चुकी है। नोटिफिकेेशन जारी करने की प्रक्रिया प्रोसेस में है। घटासणी-सिल्हबुधाणी-भूभू जोत टनल और कुल्लू के लिए संपर्क मार्ग के लिए 350 करोड़ की डीपीआर तैयार की है। प्रारंभिक चरण में इस योजना का सर्वे कार्य प्रारंभ चुका है।
उन्होंने सीसे स्कूल सुधार के भवन निर्माण के लिए 10 लाख मंजूर करने की घोषणा भी की। स्कूल में स्टेडियम निर्माण को तीन लाख और शौचालय निर्माण को एक लाख मंजूर किए हैं। सिल्हबुधाणी-कुंगड़ी संपर्क मार्ग के लिए दो लाख राशि स्वीकृत की है। सुधार में रेडक्रास सोसाइटी के माध्यम से आयोजित मुफ्त स्वास्थ्य जांच शिविर में लोगों ने स्वास्थ्य की जांच करवाई। शिविर में लोगों को अपंगता प्रमाणपत्र भी जांच के बाद जारी किए गए।
इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस के कोषाध्यक्ष चंद्रशेखर ठाकुर, वामन देव ठाकुर, एडीसी मंडी गोपालचंद, एसडीएम विनय मोदी, सीएमओ डाक्टर हेमंत कपूर, रेडक्रास सोसाइटी के राज्य सचिव ओपी भाटिया, बीएमओ डाक्टर आरएल शर्मा, अधिशासी अभियंता एनके शर्मा, पीएस राणा आइपीएस, अतुल मेहता विद्युत, एसडीओ जोगेश वैद्य और हर्ष शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
