
हरिद्वार। लोक निर्माण विभाग अतिथि गृह के पास नाला तोड़कर किए जा रहे अतिक्रमण को ध्वस्त करने गई नगर निगम की टीम पर अतिक्रमणकारी ने पिस्टल तान दी और जान से मारने की धमकी दी। किसी तरह जान बचाकर टीम हरकी पैड़ी चौकी पहुंची। पुलिस ने तुरंत आरोपी के घर दबिश दी, लेकिन आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हरकी पैड़ी चौकी प्रभारी आरके सकलानी ने बताया कि पीडब्लूडी गेस्ट हाउस के पास नाला तोड़कर अतिक्रमण किया जा रहा था। शनिवार दोपहर करीब तीन बजे नगर निगम के कर निरीक्षक महेंद्र यादव और विरेंद्र शर्मा अतिक्रमण रोकने पहुंचे थे। इसी दौरान अतिक्रमण कर रहा आरोपी मनोहर पुत्र रणजीत टीम को धमकाने लगा। आरोप है कि अतिक्रमणकारी ने नगर निगम के कर्मचारियों पर पिस्टल तान दी और जान से मारने की धमकी भी दी। पिस्टल लहराने से नगर निगम की टीम के सदस्य मौके से किसी तरह जान बचाकर भागे। हरकी पैड़ी चौकी पहुंचकर नगर निगम के कर निरीक्षक महेंद्र यादव ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के प्रयास कर रही है। लेकिन, आरोपी का कोई सुराग नहीं लग पाया है।
