
पालमपुर/भवारना (कांगड़ा)। पालमपुर-सुजानपुर राज्य मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला कर्मचारी की मौत हो गई है। हादसा दैहण के पास हुआ है। महिला केसीसी बैंक में जलवाहक के पद पर नियुक्त थी। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार बुधवार को दैहण के घड़ू के पास एक महिला को एक अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। इस कारण महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बताया जाता है कि केसीसी बैंक ठाकुरद्वारा में बतौर जलवाहक सेवाएं दे रही महिला अनु मेहता (39) सुबह अपने घर लझियां गदियाड़ा (खैरा) से अपनी स्कूटी पर बैंक आ रही थी। जब वह दैहण के पास पास पहुंची तो उसे किसी अज्ञात वाहन ने जोर से टक्कर मार दी ओर कुचल कर चला गया। मौके पर महिला की स्कूटी एक तरफ गिरी थी जबकि महिला सड़क पर थी। हालांकि वाहन का कोई पता नहीं चल सका है कि वह कार थी या अन्य कोई बस या ट्रक था। लेकिन जिस हालत में महिला कुचली गई थी, उससे अंदाजा लगाया जा सकता था कि उसे किसी बड़े वाहन ने ही कुचला है। बताया जाता है कि महिला ने अभी तीन चार दिन पहले ही स्कूटी खरीदी थी, जबकि उसके पति की पांच-छह साल पहले मौत हो चुकी है। उधर, डीएसपी मनमोहन सिंह ने कहा कि पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ दफा 297,337 व 304 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
