
पांवटा साहिब (सिरमौर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अजौली में पिछले लंबे समय से स्टाफ की कमी चल रही है जिससे स्कूल के करीब 345 बच्चों की शिक्षा पर असर पड़ रहा है। एसएमसी कमेटी ने शिक्षा विभाग से रिक्त पदों को शीघ्र भरे जाने की मांग रखी है।
रावमा पाठशाला अजौली की एसएमसी कमेटी अध्यक्ष संतोष देवी, पंचायत प्रधान अशोक कुमार व गुरमीत सिंह ने बताया कि आसपास के गांव शिक्षा ग्रहण करने पहुंचने वाले करीब पौने चार सौ बच्चों का भविष्य अधर में लटका है।
स्कूल में अंग्रेजी प्रवक्ता, भाषा अध्यापक व कार्यालय लिपिक पद रिक्त पड़े हैं। लिपिक का पद रिक्त होने से स्कूल के स्टाफ सदस्यों को ही सारा कार्य करने पड़ रहे हैं जिससे सैकड़ों स्कूली बच्चों का पठन-पाठन कार्य भी प्रभावित होता है। इसलिए एसएमसी की बैठक कर सरकार व शिक्षा विभाग से शीघ्र रिक्त पदों को शीघ्र भरने की मांग रखी गई है। परीक्षाएं सिर पर है, बच्चों की पढ़ाई रिक्त पदों के चलते सुचारु रूप से नहीं हो पा रहा है।
उधर, स्कूल की प्रधानाचार्य सुधा कालिया ने कहा कि रिक्त पदों के बारे में शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों को सूचित कर दिया गया है।
