अचानक नजर आने लगे ‘गायब’ नेता

बिलासपुर। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद जगत प्रकाश नड्डा के आगमन के मद्देनजर लंबे समय से ‘अज्ञातवास’ में चल रहे कई नेताओं के दर्शन भी होने लगे हैं। विधानसभा चुनाव से पहले से सदर के राजनीतिक परिदृश्य से ‘गायब’ हुए इन नेताओं के अब अचानक प्रकट होने से पदाधिकारी व कार्यकर्ता हैरान हैं।
विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा के टिकट आवंटन से खफा होकर कई दावेदार ‘कोप भवन’ में चले गए थे। सदर से भाजपा किसान मोरचा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद सुरेश चंदेल को टिकट मिला था। उनकी जीत के लिए काम करने के बजाए टिकट के कुछ दावेदार राजनीतिक परिदृश्य से ही गायब हो गए थे। चुनाव संपन्न हुए कई माह बीत चुके हैं, लेकिन इस अवधि के दौरान पार्टी की बैठकों व अन्य कार्यक्रमों से भी उन्होंने दूरी ही बनाए रखी है। ऐसे नेताआें की ओर से चुनाव में भितरघात करने की शिकायतें भी हाईकमान तक पहुंची हैं, जिसके आधार पर उन्हें नोटिस भी भेजे गए हैं।
बहरहाल, लंबे समय से ‘गायब’ ऐसे नेताओं के दर्शन अब होने लगे हैं। दरअसल, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव पद पर दूसरी बार ताजपोशी के बाद राज्यसभा सांसद जेपी नड्डा शुक्रवार को पहली बार बिलासपुर आ रहे हैं। उनके स्वागत समारोह की तैयारियों के मद्देनजर वीरवार को आयोजित बैठक में ऐसे ही कुछ चेहरे नजर आए, जो विस चुनाव के समय से सदर की राजनीति से दूर हैं। सूत्रों की मानें तो इनमें से कुछ नेता पूर्व में नड्डा को भी ‘आंखें’ दिखा चुके हैं, लेकिन अब पार्टी में नड्डा के बढ़ते प्रभाव ने उन्हें यू-टर्न लेने पर मजबूर कर दिया है।

Related posts