
बम्म (बिलासपुर)। घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत हटवाड़, बम्म, देहरा से विद्युत उपभोक्ता अघोषित बिजली कटों से परेशान हो गए हैं। दिन तो दिन रात के समय भी विद्युत बोर्ड द्वारा बिजली कट लगाए जा रहे हैं। वहीं, मार्च माह में वार्षिक परीक्षाएं होती है। इससे सबसे ज्यादा परेशानी स्टूडेंट्स को उठानी पड़ रही है।
जानकारी के अनुसार विद्युत बोर्ड क्षेत्र के उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत सप्लाई मुहैया करवाने में असमर्थ है। इसके चलते विद्युत उपभोक्ताओं में विभाग के प्रति गहरा रोष है। इस समस्या के बारे कई बार विभागीय अधिकारियों को अवगत करवाया गया। इसे अनदेखा कर दिया गया। विद्युत उपभोक्ता देवीराम, लश्करी राम, जगदीश चंद, रोशन लाल, भागीरथ, एलआर शर्मा, विमला देवी, भगवान दास, मस्तराम, रतन लाल ने कहा कि समस्या के बारे विभाग को अवगत करवाया गया है। इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया। बच्चों की वार्षिक परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। अघोषित बिजली कटों से बच्चे अपनी पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने सरकार, विद्युत बोर्ड के उच्च अधिकारियों से आग्रह किया है कि इस समस्या का समाधान किया जाए। बच्चों के अलावा अन्य लोगों को समस्या नहीं उठानी पड़े।
सहायक अभियंता अशोक कुमार ने कहा कि अचानक लोड बढ़ने और ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी होने के कारण इस तरह की समस्या उत्पन्न हुई है। जल्द ही उपभोक्ताओं की समस्या का समाधान किया जाएगा।
