अघोषित बिजली कटों से ग्रामीण खफा

शिलाई (सिरमौर)। महल क्षेत्र की 4 पंचायतों में बीते तीन दिन से बिजली के अघोषित कटाें ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए हैं। सुबह 11 बजे बिजली गुल हो जाती है और दिनभर बंद रहती है। इस कारण झुलसा देने वाली गर्मी में लोगों को बिना बिजली के परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं अघोषित कटों को लेकर ग्रामीणों में बिजली बोर्ड के प्रति रोष है। ग्राम पंचायत सांगना, सताहन, भलाड़ भलौना और गेहल डिमाइना के लगभग 20 गांव के पांच सौ परिवार पिछले दिनों से बिजली के कटों से परेशान हैं।
सताहन पंचायत के प्रधान रामलाल ठाकुर, बीडीसी सदस्य बलीराम शर्मा, गाताधार निवासी बलबीर शर्मा, मोहन लाल, सुरेंद्र शर्मा और प्रकाश चंद का कहना है कि कुछ दिन से सुबह 11 बजे से बिजली गुल हो जाती है और सायं 6 बजे आती है। बिजली बोर्ड की ओर से लगाए जा रहे अघोषित कटों ने क्षेत्रवासियों को गर्मी से परेशान कर दिया है। अनाज पीसने की चक्कियों सहित बिजली से चलनी वाले सभी यंत्र दिन भर शोपीस बन कर रह जाते हैं। मेाबाइल रिपेयरिंग, टायर पंचर और अन्य क्षेत्र के दस्तकारों को दिनभर बिना बिजली के दुकानें बंद करनी पड़ती हैं क्षेत्र के लोगों ने रोष प्रगट करते हुए कहा कि यदि यह अघोषित कट बंद न हुए तो ग्रामीण बिजली बोर्ड के विरुद्ध धरना प्रदर्शन करेंगे
इस संबंध में बिजली बोर्ड उपमंडल पनोग के कनिष्ठ अभियंता नरेश कुमार ने बताया कि मेन लाइन में आई तकनीकी खराबी के कारण यह कट लगाने पड़ रहे हैं। खराबी को ठीक करने के लिए कर्मी लगा दिए गए हैं जल्द ही दिक्कत दूर हो जाएगी।

Related posts