अग्निशमन विभाग ने दी 27 फायरमैन को नियुक्ति

शिमला। प्रदेशभर के अग्निशमन केंद्रों में चल रही स्टाफ की कमी को दूर करने के लिए विभाग ने 27 फायरमैन के नियुक्ति आदेश जारी कर दिए हैं। इन फायरमैन को 15 दिन में प्रदेश भर के 14 अग्निशमन केंद्रों में ज्वाइनिंग देेने का समय दिया गया है। होमगार्ड्स की द्वितीय वाहिनी के कमांडेेंट और कार्यवाहक मुख्य अग्निशमन अधिकारी भूपाल सिंह चौहान ने बुधवार को नियुक्ति आदेश जारी कर दिए हैं। अनुबंध आधार पर नियुक्त किए गए इन फायरमैन से केंद्रों में चल रही स्टाफ की कमी की समस्या कुछ हद तक दूर होगी। प्रदेश सरकार की ओर से पद स्वीकृत किए जाने के बाद ही विभाग ने पहले से केंद्रों में तैनात फायर ट्रेंड होमगार्ड्स के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की थी, जिसके लिए दिसंबर माह में साक्षात्कार हुए थे। इसमें चयनित किए गए उम्मीदवारों के मेडिकल, चरित्र प्रमाण पत्र जैसी आवश्यक प्रक्रिया पूरी किए जाने और इसकी विभागीय स्तर पर छानबीन करने के बाद ही नियुक्ति आदेश जारी किए गए हैं। प्रदेश के अग्निशमन केंद्रों में इन फायरमैन की तैनाती से विभाग को अनुबंध आधार पर स्टाफ मिल चुका है। अनुबंध आधार पर रखे गए जवानों के विभाग के तय नियमों के तहत अनुबंध हर साल रिन्यू होंगे। इससे पूर्व विभाग ने दिसंबर माह में 34 कर्मचारियों की पदोन्नति की थी। इनमें दो उप अग्निशमन अधिकारियों को अग्निशमन अधिकारी, इसके 12 लीडिंग फायरमैन को उप अग्निशमन अधिकारी, 20 फायरमैन को लीडिंग फायरमैन बनाया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी भूपाल सिंह चौहान ने नियुक्ति आदेशों की पुष्टि करते हुए कहा कि नए नियुक्त जवानों को जरूरत के हिसाब से स्टेशनों में तैनाती आदेश दे दिए गए हैं।

Related posts