अग्निकांड के घायल टांडा अस्पताल रेफर

चंबा। शहर के कसाकड़ा मोहल्ला में हुए अग्निकांड के घायलों को रेफर कर दिया गया है। घटना में घायल हुई पिंकी पत्नी दीपक सिंह व महिंद्र कौर पत्नी कुलवंत सिंह निवासी अमृतसर की हालत को देखते हुए जिला अस्पताल प्रबंधन ने टांडा रेफर कर दिया है। आग में झुलसी दोनो महिलाओं को जिला अस्पताल चंबा में मंगलवार को भर्ती कराया गया था। पिंकी की बाजू और चेहरे पर घाव हैं। वहीं महिंद्र कौर का शरीर 60 फीसदी से अधिक झुलस गया है। दोनों की नाजुक हालत को देखते हुए रेफर किया गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंबा डा. राकेश वर्मा ने बताया कि दोनों घायलों को रेफर कर दिया गया है।
उधर, इस घाटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस इस मामले में फारेंसिक जांच का सहारा लेने जा रही है। आग के कारणों के संबंध में अलग-अलग बातें सामने आने के चलते पुलिस अब फारेंसिक साक्ष्यों को अहम मान कर चल रही है। ज्ञात रहे कि आग लगने के बारे में जहां शार्ट सर्किट को विद्युत बोर्ड ने मानने से इनकार कर दिया है। यह भी कहा जा रहा था कि आग किसी और कारण से लगी है। फिलहाल पुलिस ने घटना स्थल से साक्ष्य एकत्रित करके इसके जांच के लिए फारेंसिक लैब में भेज दिया है। एसपी बीएम शर्मा ने बताया कि साक्ष्यों की फारेंसिक जांच के बाद ही कारण का सही पता चल पाएगा। इस संबंध में हादसे में झुलसी महिलाओं के बयान भी अहम रहेंगे। मामले की छानबीन जारी है।

Related posts