
पालमपुर (कांगड़ा)। आने वाले दो दिनों में प्रदेश के कई जिलों में बारिश की संभावना है। इससे लोगों को गरमी से और राहत मिल सकती है। हालांकि, संभावना जताई जा रही है कि बारिश कम होगी। अगर बारिश ठीक हो जाती है तो किसानों के लिए मक्की के फसल के लिए बेहतरीन साबित होगी। कृषि विवि के वैज्ञानिकों की मानें तो आने वाले दो दिनों में प्रदेश के कई जिलों कांगड़ा, कुल्लू, लाहौल स्पिति, चंबा आदि में हल्की बारिश हो सकती है। जबकि अभी पालमपुर इलाके में एक दिन पहले हुई बारिश से इलाके कि तापमान में गिरावट आई है। मंगलवार को पालमपुर में 27.5 डिग्री अधिकतम तापमान रिकार्ड किया गया, जो पहले से काफी कम है। जबकि सोमवार सुबह हुई बारिश इलाके की मक्की की खेती के लिए नाकाफी रही है। इससे चंगर क्षेत्र के लोगों को आने वाले दिनों में मक्की की बिजाई के लिए और बारिश की जरूरत है। किसान मदन लाल, मोहन लाल, बिहारी लाल, दीपक कुमार, विजय कुमार, किशोरी लाल, विक्रम सिंह का कहना है कि चंगर क्षेत्रों में अभी बारिश की जरूरत है। उधर, कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक डा. राजेंद्र प्रसाद का कहना है कि अगले दो दिनों में हल्की बारिश हो सकती है।
