अगली बार तीसरे मोर्चे की सरकार बनेगी: मुलायम

अगली बार तीसरे मोर्चे की सरकार बनेगी: मुलायम

बरेली/लखनऊ: लोकसभा चुनाव 2014 के मद्देनजर समाजवादी पार्टी (सपा) की आज बरेली में रैली है। रैली को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव संबोधित कर चुके हैं जबकि सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव रैली को संबोधित कर रहे हैं। सपा प्रमुख ने कहा कि अगली बार तीसरे मोर्चे की सरकार बनेगी, सपा भेदभाव नहीं करती, मुझे बहुत बुरा-भला कहा जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की भूमिका निर्णायक होगी।

अखिलेश यादव ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि जब देश को बचाने की बात आएगी या फिर जमीन से लड़ाई की बात आएगी, तब देश को समाजवादियों की ही जरूरत पड़ेगी। अखिलेश ने सपा की उपल्बधियां गिनवाते हुए कहा कि लैपटॉप वितरण जैसी योजनाएं अब दूसरों के घोषणापत्र में भी नजर आ रही हैं।

वहीं, रामगोपाल यादव ने कहा कि भाजपा आगरा में उनका सम्मान कर रही है, जिन्होंने मुजफ्फरनगर में कत्लेआम करवाया था। उन्होंने कहा कि देश में महंगाई और भ्रष्टाचार से ज्यादा खतरनाक हैं सांप्रदायिक ताकतें। उन्हें हटाने के लिए लोगों को आजम, मुलायम और ‌अखिलेश जैसे नेताओं को ताकत सौंपनी होगी।

बरेली के इस्लामिया कॉलेज मैदान में दोपहर 12 बजे आयोजित सपा रैली को ‘देश बचाओ-देश बनाओ’ नाम दिया गया है। रैली को मुलायम और अखिलेश के अलावा आजम खान, शिवपाल यादव, रामगोपाल यादव सहित पार्टी के विभिन्न नेता और स्टेट कैबिनेट मंत्री संबोधित करेंगे।

रैली स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। रैली के दौरान ट्रैफिक जाम से बचने के लिए शहर के स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। बरेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आकाश कुलहरि ने बताया कि रैली स्थल और जिले के विभिन्न स्थानों पर प्रांतीय पुलिस बल की दस टुकडिय़ां, करीब चार हजार पुलिसकर्मियों, आतंकवाद निरोधक दस्ते और बम निरोधक दस्ते की टीमें तैनात की गई हैं।

Related posts